क्रेन और पोकलेन से गणेश विसर्जन...!

इंदौर: नगर प्रतिनिधि। गणेश विसर्जन के लिए आज इंदौर के जवाहर टेकरी पर नगर निगम ने खास इंतजाम किए हैं। एक पोकलेन मशीन और क्रेन लगाई गई है, जिससे छोटी से लेकर बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा सकेगा। इसके साथ ही 50 मजदूर भी लगाए गए हैं, जो पूजन सामग्री का विसर्जन करेंगे।
नगर निगम वर्कशॉप प्रभारी मनीष पांडे ने बताया कि हर बार जवाहर टेकरी पर गणेश विसर्जन के लिए बेहतर से बेहतर व्यवस्था करने की कोशिश की जाती है। इस बार क्रेन को इस तरह तैयार किया गया है कि छोटी गणेश प्रतिमाएं हाइड्रोलिक मशीन के जरिए सीधे तालाब में विसर्जित की जा सकेंगी। वहीं, बड़ी गणेश प्रतिमाओं के लिए पोकलेन मशीन से जुड़ा एक पिंजरा बनाया गया है। इस पिंजरे में गणेश प्रतिमा को रखकर तालाब में विसर्जित किया जाएगा। यह पिंजरा पूरी तरह ऑटोमेटिक है और रिमोट से खुलता और बंद होता है।
उन्होंने बताया कि इस बार जवाहर टेकरी पर करीब 5 हजार से ज्यादा गणेश प्रतिमाएं आने की उम्मीद है। नगर निगम ने सुबह से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। सुबह कुछ लोग विसर्जन के लिए पहुंचे भी थे, लेकिन उनकी प्रतिमाएं फिलहाल सुरक्षित रख ली गई हैं। दोपहर 1 बजे के बाद विसर्जन शुरू किया जाएगा। नगर निगम ने शहर के अलग-अलग चौराहों पर गणेश प्रतिमाएं कलेक्ट करने के लिए काउंटर लगाए हैं। इन्हीं स्थानों से दोपहर बाद गणेश प्रतिमाएं जवाहर टेकरी पहुंचना शुरू होंगी।