चबूतरा तोड़ा, रहवासियों ने थाना घेरा

इंदौर : नगर प्रतिनिधि। मोतीतबेला चौराहे पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने के लिए बनाए गए चबूतरे को नगर निगम ने तोड़ दिया। गुस्साए रहवासियों ने चार घंटे तक पंढरीनाथ थाने पर हंगामा मचाया।
कल रात करीब 8 बजे नगर निगम की टीम चौराहे पर पहुंची और चबूतरे को तोड़ दिया। यहां रहने वाले तारीक खान की शिकायत पर कार्रवाई की गई। रहवासियों को जैसे ही भनक लगी तो वो इकट्ठा हो गए। भाजपा और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी यहां पहुंच गए। उन्होंने पंढरीनाथ थाने का घेराव कर दिया। रात करीब 9 बजे शुरू हुए घेराव का समापन 1 बजे हो पाया है।
रहवासियों का आरोप था कि विधायक और पार्षद ने इसका भूमि पूजन किया था। नगर निगम ने रहवासियों को भरोसे में क्यों नहीं लिया। उनका आरोप यह भी है कि जिस पक्ष ने शिकायत की है, उनके भी यहां पर कब्जे हैं। उसे भी तोड़ा जाना चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
गणेश पंडाल में युवक के साथ मारपीट : चंदननगर पुलिस ने संदीप बारोदिया, स्कीम नंबर 71 की रिपोर्ट पर मोती पटेल के खिलाफ केस दर्ज किया है। गणेश पंडाल में आरती के बाद कहासुनी हो जाने पर मुलजिम ने फरियादी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बताते हैं कि फरियादी और मुलजिम के बीच पहले भी झगड़ा हो चुका है। कल फिर मारपीट की नौबत आ गई।