नगर निगम की 11 हल्ला गाड़ियों से बैटरी चोरी

· Indore

फायर स्टेशन में चोरो का धावा
फायर स्टेशन में चोरो का धावा

इंदौर. नगर प्रतिनिधि। घर-घर से कचरा लेने वाली गाड़ियों की पार्किंग में भंडारा होने के कारण इन्हें फायर स्टेशन की जमीन पर खड़ा किया था, जहां पंद्रह में से ग्यारह गाड़ियों की बैटरी चोरी हो गई।

इंदौर वायर चौराहे पर कालका माता मंदिर के पास नगर निगम की पार्किंग है। यहां झोन-1 के कर्मचारियों ने परसों सुंदर कांड, महाआरती और भंडारे का आयोजन रखा था। एक दिन पहले टेंट लगाकर खाना बनाने की तैयारी शुरू हो गई थी। इसलिए पार्किंग से हल्ला गाड़ियां हटा दी गईं। इन्हें सिपाही करण कुशवाह से पूछकर लक्ष्मीबाई नगर फायर स्टेशन में खड़ा कर दिया गया।

कार्यक्रम के बाद अगले दिन सुबह साढ़े चार बजे वाहन प्रभारी विक्की यादव और सहायक वाहन सुपरवाइजर विशाल संदल, ड्राइवरों को लेकर गाड़ी निकालने पहुंचे तो दंग रह गए कि डोर टू डोर गाड़ियों में से बैटरी गायब थी।

नाइट ड्यूटी के चौकीदार और सिपाही सो रहे थे, जिन्हें जगाया और सभी 15 गाड़ियां चेक की तो मालूम हुआ कि 11 गाड़ियों की बैटरी गायब है। चौकीदार और सिपाही कोई जवाब नहीं दे पाए कि ऐसा कैसे हुआ।

यहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं कि चोरों का पता लग सके। जिम्मेदारों से जवाब मांगा तो उत्तर मिला कि आप रिपोर्ट डाल दो। हम कुछ नहीं कर सकते। विक्की यादव ने तत्काल अपने अधिकारियों को सूचना दी और सुबह 4 बजकर 50 मिनट पर नगर निगम कंट्रोल रूम और वर्कशॉप कंट्रोल रूम पर इसकी जानकारी दी।

वर्कशॉप प्रभारी मनीष पांडे ने दूसरी बैटरी लगाकर गाड़ियों को काम पर लगाया कि इंतजाम न बिगड़ें, वहीं वाहन प्रभारी विक्की यादव शाम 5 बजे रिपोर्ट लिखाने एरोड्रम थाने पहुंचे तो थाने से कहा गया कि सभी 11 ड्राइवर को साथ लाइए। रात में पुलिस फायर स्टेशन के जिसी इंचार्ज सिपाही की ड्यूटी थी, उनको भी लेकर आओ। जब सिपाही करण कुशवाह से बात की तो थाने आने से मना कर दिया। बताते हैं कि इसके चलते अभी तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई और ना ही आवदेन लिया गया।