‘निंदक नियरे राखिये…...’ याद रखा विधायक ने

· Indore

‘निंदक नियरे राखिये…...’ याद रखा विधायक ने

इंदौर, नप्र। रमेश मेंदोला के पंडाल में चिंटू चौकसे को आरती के लिये बुलाया। आवभगत रही। दोनों तरफ के वे चेहरे थे, जो आमतौर पर तने रहते हैं।

मेंदोला और चौकसे के बीच हमेशा सियासी खींचतान रही है। मेंदोला की दो नंबरी सियासत पर कब्जे के लिये कांग्रेस और चौकसे लंबे समय से जोर लगा रहे हैं। चुनाव भी लड़ चुके है।

दो दिन पहले ही मेंदोला ने फोन कर चौकसे को गणेश जी की आरती का न्यौता दिया। चिंटू भी राजू भदौरिया, राजा चौकसे और लोकेश हार्डिया के साथ पहुंच गए। मेंदोला के यहां कांग्रेस से पहले कोई बड़ा चेहरा आया नहीं।

चिंटू का मेंदोला ने स्वागत किया। जीतू यादव, चंदू शिंदे और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा भी थे। मेल मिलाप के बाद मेंदोला ने चिंटू को आरती की थाली थमा दी।

चिंटू को माइक भी दिया गया तो कहा कि हमारी लड़ाई विचारधारा की है। कोई मनभेद नहीं हैं। पार्टी की नीति और सिध्दांत पर काम करते हैं। जिस तरह शहर सफाई में साफ है, वैसे ही हर मामले में होना चाहिये। नफरत की बजाय प्रेम से रहना चाहिये। सुथरे माहौल को बनाए रखना चाहिये। चिंटू साथियों संग आधे घंटे तक पंडाल में रहे। लौटते वक्त मेंदोला ने आभार जताया कि आने के लिये धन्यवाद, जिस पर चौकसे ने कहा कि आपने बुलाया इसके लिये धन्यवाद।

राजू भदौरिया और चंदू शिंदे भी चुनाव लड़ चुके हैं। झगड़ा हुआ, राजू को जेल जाना पड़ा था। इन नेताओं को हमेशा लड़ते ही देखा, लेकिन कल गले मिलते देखा। मेंदोला ने चौकसे को बुला बेहतर शुरुआत की। चौकसे को गाड़ी तक छोड़ने भतीजे रत्नेश को भेजा।