मिठाई में फफूंद... बंद कराई दुकान

इंदौर. नगर प्रतिनिधि। सिद्धार्थनगर (गांधीनगर) में मां चामुंडा स्वीट एवं नमकीन की शिकायत मिली थी कि यहां फंगस वाली मिठाई बेची जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम पहुंची तो पता लगा दुकानदार ने मिठाई फेंक दी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि जांच में दुकान का लायसेंस नहीं मिला, जिसके कारण उसे बंद करा दिया गया। वहीं दुकान से मोदक के नमूने लिए, जो जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। गोल्डन स्टे बॉयज़ हॉस्टल, मनोरमा गंज भी टीम पहुंची, जहां कई खामी मिली। किचन में कुछ खाद्य पदार्थ खुले में रखे मिले। पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, पानी की जांच रिपोर्ट एवं खाद्य हैंडलर्स के मेडिकल सर्टिफिकेट पेश नहीं किए गए। जरूरी दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए।
गंदा मिला फ्रीजर: यूनिटी फूड्स, पुष्परत्न सॉलिटेयर, न्यू पलासिया की जांच में फ्रीजर की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। मसाला सैंडविच के निर्माण में उपयोग की जाने वाली कच्ची खाद्य सामग्री और मसालों के नमूने लिए गए।