भाई-बहन ने चढ़ाया गणेशजी को 400 डॉलर का हार

नवसारी। पंद्रह साल से अमेरिका में रह रहे भाई-बहन ने गांव के गणेशोत्सव में 400 डॉलर (करीब 40 हजार) का हार चढ़ाया। नवसारी के देवसर गांव में भीड़ लग गई। आसपास से भी हजारों लोग पहुंचे। यश पटेल और शिवानी 2009 से अमेरिका में हैं। होटल कारोबार से जुड़े हैं। पैतृक गांव आए हैं।
गांव वालों ने 1001 रुपए का चंदा मांगा था। यश ने कहा कि हम वो तो दे ही रहे हैं… लेकिन अपनी तरफ से भी कुछ करना चाहते हैं। विसर्जन के एक दिन पहले हुई आरती में गणेशजी का श्रृंगार हुआ। डॉलर से बनी माला पहनाई गई।
देवसर की आबादी 8 हजार है। यहां के गांवों में कई एनआरआइ रहते हैं। ब्रिटेन, फ्रांस, इंग्लैंड, अमेरिका में युवा बसे हैं, जो गणेशोत्सव में आते हैं। नवरात्रि और दीवाली यहीं मनाते हैं। पड़ोस के वासंदा गांव में अमेरिका से आए सतीश पटेल ने भी मदद की है। भारी बारिश के बाद कई परिवार तबाह हो गए। बच्चों की पढ़ाई और घर बनाने के खर्च का वादा किया है। गणेशोत्सव में भी शामिल हुए।
सदियों पुराने गणेश…
विदिशा के सुनारी गांव में सदियों पुरानी गणेश-प्रतिमा मिली है। नदी की तलहटी से 5 फुट ऊंची प्रतिमा निकली। वजन 2 टन, 10 भुजाएं हैं। बलुआ पत्थर से बनी है। सिंचाई के पंपों से जब पानी खींचा गया, तो कुछ निशान दिखे। खुदाई के बाद प्रतिमा निकली। पुरातत्व विभाग को खबर की गई। जानकार बता रहे हैं कि करीब हजार साल पुरानी है। गांव वाले चाहते हैं कि मंदिर बना कर वहां रखी जाए, जबकि अधिकारी इसे म्यूजियम भेज रहे हैं। l