हर समय डरे रहते थे...

· Indore

हर समय डरे रहते थे...

नगर प्रतिनिधि। मुश्ताक खान इंदौर में फिल्म ‘गौरीशंकर गोहरगंज वाले’ की शूटिंग के लिए आए थे। कपिल खादीवाला से अच्छी दोस्ती हो गई थी। कपिल बताते हैं कि मुश्ताक खान को इंदौर पसंद था। खासकर यहां का पोहा-जलेबी। दिल्ली में दो साल पहले जन्मदिन पार्टी में उनके साथ किडनैपिंग हुई थी। पांच लाख रुपए जबरन वसूने थे, तब से डरे हुए थे।

इंदौर में शूटिंग के दौरान अकेले बाहर निकलने से बचते थे। जलेबी के शौकीन थे, होटल में ही मंगवा लेते थे। फिल्म यूनिट की पार्टी में उन्हें बुलाने की जिम्मेदारी मुझे मिली। काफी समझाने के बाद भी तैयार हुए।

पार्टी यादगार हो गई। मुश्ताक ने जमकर डांस किया। लगा जैसे उस रात उनके भीतर बैठा डर हद तक बाहर निकल गया हो। उन्हें इंदौर और आसपास के इलाकों में ले गया। माहौल पसंद आया। मुश्ताक खान के किस्से सुनाते थे कि उनके पास रहने की जगह नहीं थी, खाने के पैसे नहीं थे। बरसों तक छोटे-मोटे किरदार किए। कहते थे कि आमिर और शाहरुख के साथ मौका मिला तो लगा था कि करियर चल पड़ा है, लेकिन पहचान मिलने में कई साल लग गए। 60 बरस की उम्र में ‘वेलकम’ ने मुकाम दिया।

जिस कलाकार ने छोटे-छोटे किरदारों से करीब तीन दशक तक खुद को टिकाए रखा, उसे आखिरकार ऐसा किरदार मिला, जिसने उसे पहचान दी। इंदौर में साथ बिताए दिन कपिल के लिए सिर्फ शूटिंग की यादें नहीं हैं, बल्कि ऐसे कलाकार की बातें हैं, जिसने डर के बावजूद मुस्कुराना और संघर्ष करना सीखा था।