गुंडों के भरोसे शांति की उम्मीद... पुलिस को

इंदौर. नगर प्रतिनिधि। त्योहारों को देखते हुए खजराना के गुंडों को थाना प्रभारी मनोज कुमार सेंधव ने बुलाया और उनसे डोजियर भरवाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि शांतिपूर्वक घर में ही रहें।
खजराना थाने के लिस्टेड गुंडों को थाना परिसर में बुलाया गया और उन्हें कहा गया कि अनंत चतुर्दशी चल समारोह से लेकर सारे त्योहारों तक हमें शांति बनाए रखना है। जिलाबदर गुंडों पर निगरानी है। जो लोग गुंडागिर्दी करेंगे उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा। आप लोग भी शांति से रहो। अगर किसी ने बदमाशी करने की कोशिश की तो उसके परिणाम भी भुगतना पड़ेंगे। लोगों की जिंदगी के साथ खेलने वालों को मैं छोड़ूंगा नहीं। आप लिस्टेड अपराधी हो, समझाइश के लिए तुम्हें थाने बुलाया गया है। उसके बावजूद अगर अपराध करने की कोशिश की तो सबक के लिए भी तैयार रहना।
गुंडों के नए फोटो और मोबाइल नंबर भी लिए गए, साथ ही रेड, यलो नोटिस भी तामिल किया गया। बताते हैं कि खजराना के अलावा आसपास के थानों में भी गुंडों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया है। दो दिन से गुंडों को पकड़ने की मुहिम भी चल रही है और कई अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।