दौड़ते-दौड़ते ‘डायरिया’.. खेल नहीं छोड़ा, पदक जीत लिया!

बीजिंग। ऑस्ट्रेलियाई एथलीट जोआना विएत्रज़िक इन दिनों एक अनोखी खेल घटना को लेकर चर्चा में हैं। बीजिंग में 12 सितंबर को हुई हायरॉक्स फिटनेस प्रतियोगिता के दौरान रेस के बीच उन्हें अचानक आंतों से जुड़ी समस्या हुई और उनके कपड़े व पैर गंदे हो गए। इसके बावजूद उन्होंने प्रतियोगिता से बाहर होने के बजाय दौड़ जारी रखी और अपनी 16-24 वर्ष की प्रो कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया। रेस के दौरान उनके पैरों पर मल लगा होने के बावजूद वह आगे बढ़ती रहीं और साझा मैट तथा उपकरणों का इस्तेमाल करती रहीं। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आयोजकों और एथलीट की भूमिका पर सवाल उठने लगे। खास तौर पर इस बात को लेकर चिंता जताई गई कि उनके बाद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों ने उन्हीं उपकरणों और ट्रैक का इस्तेमाल किया।
विवाद बढ़ने के बाद विएत्रज़िक ने सोशल मीडिया पर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले वह खुद को पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रही थीं और उन्हें ऐसी स्थिति की कोई आशंका नहीं थी। हालांकि बाद में उन्हें लगा कि उन्हें तुरंत ट्रैक छोड़ देना चाहिए था। उन्होंने अपनी गलती की जिम्मेदारी लेते हुए रेस से पूर्व प्रभाव से नाम वापस लेने और मिले रैंकिंग पॉइंट छोड़ने का फैसला किया।