ए सी रूम में… प्रिंसिपल, बच्चों को ‘खुली हवा’ की सलाह

पीथमपुर (निप्र)। पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में पहाड़ी पर बने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 500 से अधिक छात्राओं ने समस्याओं से परेशान होकर कल स्कूल गेट पर ताला लगा दिया और जमकर नारेबाजी की।
छात्राओं ने बताया कि चार साल से डर के साये में पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल परिसर में सुरक्षा इंतजाम न होने से आए दिन अनजान लोग बिना रोक-टोक अंदर आ जाते हैं। झगड़े-मारपीट होती रहती है। कमरों में पंखे तक नहीं हैं। गरमी से परेशान होकर जब प्रिंसिपल से शिकायत की जाती है, तो ‘नेचुरल हवा’ की सलाह देती हैं, जबकि खुद ए सी में बैठती हैं। स्कूल में न पीने का साफ पानी है, न शौचालय का ठीक इंतजामl छात्राओं को पानी के लिए पास के अन्य स्कूल या पूर्व एसडीएम कार्यालय जाना पड़ता है। सुविधाघर में सफाई के लिए बार-बार अर्जी देने पर भी कुछ नहीं किया जाता।
कल छात्राओं के विरोध-प्रदर्शन के बाद तहसीलदार राहुल गायकवाड़ पहुंचे। समस्या सुनने के बाद सभी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया। एबीवीपी के संयोजक हर्ष रघुवंशी, सागोर इकाई के नगर मंत्री अमन रघुवंशी और आदित्य सहित कई कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो फिर आंदोलन होगा।